उप्र में अभी एक सप्ताह तक गर्मी से राहत नहीं, लू भी चलेगी

उप्र में अभी एक सप्ताह तक गर्मी से राहत नहीं, लू भी चलेगी
WhatsApp Channel Join Now
उप्र में अभी एक सप्ताह तक गर्मी से राहत नहीं, लू भी चलेगी


कानपुर, 11 जून (हि.स.)। राजस्थान के थार मरुस्थल से उत्तर प्रदेश में लगातार गर्म हवाएं आ रही हैं। इससे तापमान सामान्य से अधिक चल रहे हैं और सूरज की तपिश से भीषण गर्मी भी पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी एक सप्ताह तक उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से अधिक रहेंगे और लू भी चलती रहेगी। हालांकि स्थानीय स्तर पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ धूल भरी तेज हवाएं भी चलेंगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि आज 11 जून को उत्तरी अरब सागर के अधिक भागों, दक्षिण गुजरात के कुछ भागों और महाराष्ट्र के कुछ और भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में पश्चिमी विक्षोभ, जिसकी पहुँच औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, अब लगभग 72 डिग्री पूर्व से अक्षांश 30° उत्तर में चल रहा है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।

मराठवाड़ा और उसके आसपास के इलाकों में एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पूर्वोत्तर असम के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बिहार से उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और दक्षिण असम से होते हुए नागालैंड तक फैली हुई है। यह कतरनी क्षेत्र समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊपर लगभग 18 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 44.0 और न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 33 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 13 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 6.7 किमी प्रति घंटा रही।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं और अभी उमस भरी गर्मी बने रहने के साथ लू भी चलने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/पवन

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story