उप्र में अभी और गिरेंगे तापमान, बरकरार रहेगी गलन

WhatsApp Channel Join Now
उप्र में अभी और गिरेंगे तापमान, बरकरार रहेगी गलन


कानपुर, 05 जनवरी (हि.स.)। हवा की दिशा एक बार फिर बदल गईं है और पूर्वी हवा के चलने से अगले दो दिन तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी हो सकती है। इसके बाद बर्फीली पछुआ हवा कहर बरपाना शुरु कर देगी। ऐसे में गलन बरकरार रहेगी और लोगों को शीतलहर परेशान करेगी। मौसम विभाग का कहना है कि पांच और छह जनवरी को पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ जनपदों में हल्की बारिश की भी संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि आज हवाओं की दिशाए प​छुआ की जगह उत्तरी पूर्वी हो गई हैं, जिससे आगामी दो दिनों तक तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी हो सकती है। इसके बाद फिर पछुआ हवाओं के चलने से शीतलहर बरकरार रहेगी। पूर्वी हवाओं के चलने से जहां तापमान में बढ़ोत्तरी होगी तो वहीं आगामी दो दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जनपदों में बूंदाबांदी भी होने की संभावना है। इसके अलावा कुछ जिलों में मध्यम से बहुत घने कोहरे के छाए रहने का अनुमान है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और एक नया पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से तीन दिन बाद तापमान में तेजी से गिरावट होगी और ठंड का कहर बना रहेगा।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 14.2 और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 92 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 88 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 2.4 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में आगामी पांच दिनों मे प्रातःकाल के समय हल्के से मध्यम कोहरा, दिन के समय धुन्ध छाये रहने के कारण कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं, किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है।​ वहीं दृश्यता 1000 मीटर रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय सिंह

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story