पीएम किसान की 22वीं किश्त का प्रसारण, किसानों को दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
पीएम किसान की 22वीं किश्त का प्रसारण, किसानों को दी जानकारी


कानपुर, 13 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत “पीएम किसान उत्सव दिवस” के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा 22वीं किश्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का शुक्रवार को जनपद में विभिन्न स्थानों पर सजीव प्रसारण कराया गया। इस दौरान किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज और नई कृषि तकनीकों की जानकारी भी दी गई।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में किसानों ने कार्यक्रम में भाग लेकर प्रसारण देखा। वहीं विकास खण्ड स्तर पर सभी ब्लॉकों के सभागारों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत भवनों में कार्यक्रम का प्रसारण कराया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामजी गुप्ता, डॉ. महक सिंह, डॉ. कौशल किशोर, डॉ. वी.के. त्रिपाठी, डॉ. हिमांशु त्रिवेदी और डॉ. जितेन्द्र ओझा ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और नई खेती पद्धतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक तरीके अपनाकर उत्पादन बढ़ाने और लागत कम करने पर जोर दिया।

विकास खण्ड स्तर पर भी कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी रही। बिधनू में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी, सरसौल में डॉ. विजय रत्ना तोमर, पतारा में कोमल सेंगर, घाटमपुर में धर्मेन्द्र कुमार अवस्थी, भीतरगांव में खण्ड विकास अधिकारी शिवनरेश राजपूत, चौबेपुर में राजेश शुक्ला, शिवराजपुर में सीताराम बाजपेयी, बिल्हौर में ग्राम प्रधान कौशल किशोर तथा ककवन में अमरनाथ राजपूत उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा सहित कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। जनपद स्तर के कार्यक्रम में करीब 260 प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story