कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर गुम हुआ किशोर, जीआरपी ने किया बरामद

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर गुम हुआ किशोर, जीआरपी ने किया बरामद


कानपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर आठ और नौ के पास मंगलवार को 17 वर्षीय किशोर गुम हो गया। परिजन की सूचना पर जीआरपी ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी और सर्विलांस की सहायता से उसे ढूंढ कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि गुना, मध्य प्रदेश निवासी चंकी सोनी अपने 17 वर्षीय भाई लकी (काल्पनिक नाम) के गुम होने की सूचना लेकर थाने पहुंचे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, क्यूआरटी और प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को किशोर की तलाश में लगाया गया।

पुलिस ने आरपीएफ कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। किशोर के पहनावे और हुलिये के आधार पर स्टेशन के प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय में खोजबीन की गई। करीब आधे घंटे की तलाश के बाद किशोर प्लेटफार्म नंबर आठ और नौ के पास मिल गया।

इसके बाद पुलिस उसे थाना कार्यालय लेकर आई और उसके भाई चंकी सोनी के सुपुर्द कर दिया। भाई ने किशोर के सकुशल मिलने पर जीआरपी की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story