यमुना नदी नहाने गए तीन दोस्त, एक की डूबने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
यमुना नदी नहाने गए तीन दोस्त, एक की डूबने से मौत


डूबते हुए देखकर एक किशोर को मछुआरों ने बचाया

हमीरपुर, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के देवगांव निवासी तीन किशोर शुक्रवार को यमुना नदी में नहाने गए थे। तभी एक किशोर की डूब कर मौत हो गई। जबकि एक को मछुआरों ने बचा लिया। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मृतक का पिता तीन दिन पूर्व छत से गिरने पर ब्रेन हेमरेज के चलते कानपुर में अस्पताल में भर्ती है।

ग्राम प्रधान जितेंद्र खरे ने शुक्रवार को शाम बताया कि देवगांव निवासी रामकृष्ण सिंह (14) पुत्र कुलदीप सिंह, हरिओम सिंह (12) पुत्र धनीराम सिंह अपने दोस्त हरिकिशन कुटार (14) के साथ पत्योरा के पास निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज के पास नहाने के लिए दोपहर में करीब डेढ़ बजे गए हुए थे। तभी नहाते समय हरिओम और रामकृष्ण गहरे पानी में चले गए। हरिओम को डूबते हुए देखकर मछुआरों ने बचा लिया। जबकि रामकृष्ण गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर करीब तीन बजे ग्राम प्रधान जितेंद्र खरे अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और रामकृष्ण को तलाशना शुरू किया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव गहरे पानी से निकाला गया। ग्राम प्रधान ने बताया कि यह तीनों बच्चे गर्मी के चलते नहाने के लिए यमुना नदी गए हुए थे। तभी गहराई में जाने से रामकृष्ण की डूबने से मौत हो गई। जबकि हरिओम को मछुआरे ने बचा लिया और हरकिशन ज्यादा गहराई में नहीं गया था।

मृतक चार भाइयों एवं दो बहनों में सबसे बड़ा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। बता दें कि तीन दिन पूर्व मृतक के पिता कुलदीप सिंह छत में सो रहे थे तभी वह छत से गिर गए थे। जिससे सिर पर गंभीर चोटें आई थी। ग्राम प्रधान ने बताया कि उन्हें भी गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से उन्हें कानपुर रेफर कर दिया था। थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने शुक्रवार को देर शाम बताया कि तीन नाबालिग किशोर यमुना नदी में नहाते समय डूब गए थे जिनमें दो को ग्रामीणों ने बचा लिया है वहीं एक किशोर की मौत हो गई है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अन्य वैधानिक कार्रवाई कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story