पांचाल घाट पर गंगा में नहाते समय किशोर डूबा, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
पांचाल घाट पर गंगा में नहाते समय किशोर डूबा, तलाश जारी


फर्रुखाबाद,15 जून (हि.स.)। जनपद में पांचालघाट स्थित पैंटून पुल के पास साेमवार काे गंगा स्नान के दौरान एक किशोर गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू कर दी, जो देर शाम तक जारी रही।

थानाध्यक्ष कादरीगेट कपिल चौधरी ने बताया कि मूल निवासी दिल्ली का रहने वाला 16 वर्षीय अंकित अपने ननिहाल गांव तुर्कीपुर थाना मउदरवाजा में आया हुआ था। सोमवार को वह अपने मामा वीरेंद्र, नाना सुरेश, नानी महारानी देवी, छोटे भाई रोहन और बड़ी बहन साक्षी के साथ पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचा था।

परिजनों ने बताया कि सभी लोग स्नान कर पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान करीब दोपहर एक बजे अंकित अपने छोटे भाई रोहन के साथ दोबारा गंगा में नहाने चला गया। नहाते समय दोनों गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रयास कर रोहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अंकित तेज धारा में लापता हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई।

समाचार लिखे जाने तक अंकित का कोई सुराग नहीं लग सका था। घटना के बाद परिजन रो-रोकर हाल बेहाल हो गये| थानाध्यक्ष कादरीगेट कपिल चौधरी ने बताया कि दो लड़के गंगा में डूबे थे। एक को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दूसरे किशोर की तलाश गोताखोरों द्वारा लगातार की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story