चलते टेंपो से कूदकर किशोरी ने बचाई जान, अपहरण का आरोप
जौनपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जलालपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में गुरुवार सुबह एक 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। किशोरी ने करीब तीन किलोमीटर दूर चलते टेंपो से कूदकर अपनी जान बचाई। उसने टेंपो में सात और लड़कियों के हाथ-पैर बंधे होने और उनके बेहोश होने का दावा किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल से लेकर रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
हीरापुर गांव निवासी अंजली यादव (16) सुबह घर से कुछ दूरी पर घास काटने गई थी। इसी दौरान एक बंद बॉडी का टाटा टेंपो वहां आकर रुका। किशोरी के मुताबिक, उसमें से दो युवक उतरे और उसे बुलाया। रास्ता पूछने की बात समझकर वह उनके पास पहुंची। आरोप है कि युवकों ने उसका मुंह दबाकर उसे जबरन टेंपो में बैठा दिया और गेट बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद टेंपो बेलाव-केराकत मार्ग की ओर चला गया।
किशोरी के अनुसार, नेहरूनगर पुलिया के पास उसने मौका पाकर चलते टेंपो से छलांग लगा दी और सड़क किनारे बांस के झुरमुट में छिप गई। आरोप है कि टेंपो रोककर युवकों ने उसकी तलाश की। उसके नहीं मिलने पर वे टेंपो लेकर कबुलपुर बाजार की ओर लौट गए। उनके जाने के बाद किशोरी बाहर निकली और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही जलालपुर थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह, जफराबाद पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। किशोरी ने पुलिस को बताया कि टेंपो के अंदर सात अन्य लड़कियां थीं। उसके मुताबिक, उनके हाथ-पैर बंधे थे और चेहरे पर नकाब लगा था तथा वे बेहोश थीं।
पुलिस ने किशोरी की सूचना के आधार पर जिले में टेंपो की तलाश के लिए सूचना प्रसारित कराई। थानाध्यक्ष ने इलाके की कई दुकानों और प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना की पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

