गोमती नदी में कूदी किशोरी, तलाश में जुटी पुलिस
जौनपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कोतवाली क्षेत्र स्थित शाही पुल से गुरुवार शाम एक किशोरी ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों ने नदी में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक किशोरी का पता नहीं चल सका।
किशोरी की पहचान शकरमंडी निवासी राकेश मौर्या की 17 वर्षीय बेटी परी मौर्या के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, परी का एक लड़के से बातचीत को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों ने मामले को प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई है।
परी की मां सरिता मौर्या ने बताया कि उनकी बेटी एक लड़के से बात करती थी। जानकारी होने पर उन्होंने उसे ऐसा करने से मना किया था। उन्होंने बेटी से कहा था कि 18 वर्ष की उम्र पूरी होने के बाद उसकी शादी कर देंगे। गुरुवार दोपहर परी घर में सो रही थी। इसी दौरान उसका जीजा शाहगंज से काम करके घर लौटा और उसकी तबीयत पूछी। परी ने खुद को ठीक बताया।
मां के अनुसार, घर के पास एक लड़की भी मौजूद थी। इसी दौरान परी की एक लड़के से बहस हुई, जिसके बाद वह घर से निकल गई। बाद में जानकारी मिली कि उसने शाही पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी है। करीब दो घंटे बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। वे तत्काल शाही पुल पहुंचे।सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में किशोरी की तलाश शुरू कराई। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका था। मां सरिता मौर्या ने पुलिस से बेटी की तलाश कर उसे बरामद करने की गुहार लगाई है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

