किशोरी को मौत का जिम्मेदार ठहराकर युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान
छह पन्नों का सुसाइड नोट और वीडियो मिलने से मचा हड़कंप
बांदा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बदौसा थाना क्षेत्र के वकीलन पुरवा के पास शनिवार सुबह ट्रेन से कटकर 24 वर्षीय युवक ने खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान फतेहगंज थाना क्षेत्र के करमाडाड़ी गांव निवासी आशीष सेन पुत्र रमेश सेन के रूप में हुई है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तलाशी के दौरान युवक के पास से छह पन्नों का सुसाइड नोट मिला। इसके अलावा एक वीडियो भी पुलिस के संज्ञान में आया है। सुसाइड नोट में युवक ने गांव की एक किशोरी को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, परिजनों ने किशोरी और पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के करमाडाड़ी गांव निवासी पुष्पेंद्र ने बताया कि आशीष उसका 24 वर्षीय चचेरा भाई था। शुक्रवार रात वह देवी दर्शन के लिए जाने की बात कहकर घर से निकला था। शनिवार सुबह बदौसा थाना क्षेत्र के वकीलन पुरवा के पास रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की जेब से मिले आधार और मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
दुष्कर्म के आरोप से परेशान होने का दावा
मृतक के चचेरे भाई पुष्पेंद्र का आरोप है कि गांव की एक किशोरी ने आशीष पर दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाया था। उसका कहना है कि 15 अक्टूबर 2026 को आशीष गांव में नहीं था, बल्कि भरतकूप क्षेत्र के भारतपुर गांव में अपने मामा के यहां गया हुआ था। परिजनों का आरोप है कि किशोरी उसे बार-बार प्रताड़ित कर रही थी और रुपये ऐंठना चाहती थी। पुष्पेंद्र के मुताबिक, किशोरी की ओर से पुलिस को प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद आशीष को थाने बुलाया गया था। इसके बावजूद कथित तौर पर उसे परेशान किया जा रहा था। परिजनों का दावा है कि इसी से आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
सुसाइड नोट और वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
आशीष गांव में रहकर पेंटिंग का काम करता था। इसके अलावा वह मजदूरी भी कर लेता था। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता दिल्ली में रहते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद मां मनीषा का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे बदौसा रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मृत्यु होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसके अलावा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मृतक ने एक व्यक्ति पर आरोप लगाए हैं। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

