ट्रिपल आईटी में तकनीकी महोत्सव ‘अपरोक्ष 2026’ का शुभारम्भ

WhatsApp Channel Join Now
ट्रिपल आईटी में तकनीकी महोत्सव ‘अपरोक्ष 2026’ का शुभारम्भ


निदेशक ने एफर्वेसेंस, अपरोक्ष और अस्मिता की महत्ता पर की चर्चा

प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), इलाहाबाद में वार्षिक तकनीकी महोत्सव ‘अपरोक्ष 2026’ का शुभारम्भ उत्साह, ज्ञानवर्धक वातावरण और विशिष्ट सहभागिता के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावाने ने अपने सम्बोधन में संस्थान के तीन प्रमुख आयोजनों-एफर्वेसेंस, अपरोक्ष और अस्मिता का उल्लेख करते हुए उनकी महत्ता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने छात्रों को तकनीकी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और कहा कि ऐसे मंच संस्थान की तकनीकी दक्षता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया तथा छात्रों को अपरोक्ष 2026 के अवसरों का पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात छात्र कल्याण अधिष्ठाता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। जबकि शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. पवन चक्रवर्ती ने ऐसे आयोजनों की उपयोगिता पर बल देते हुए तकनीकी उत्कृष्टता के विकास में उनकी भूमिका को रेखांकित किया। उद्घाटन समारोह के बाद इंडस्ट्री इंटरैक्शन कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। जिसमें विशेषज्ञों ने छात्रों के साथ संवाद कर उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए। तत्पश्चात स्टार्टअप पिच सत्र आयोजित हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने नवाचारी विचार प्रस्तुत किए और उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहन मिला।

उद्घाटन दिवस का समापन औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जो अपरोक्ष 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न तकनीकी, सांस्कृतिक एवं उद्यमशीलता से जुड़े कार्यक्रमों की शुरुआत का संकेत है। ट्रिपल आईटी पीआरओ डॉ पंकज मिश्र ने बताया कि यह उद्घाटन समारोह पूरे महोत्सव के लिए एक ऊर्जावान और प्रेरणादायक शुरुआत साबित हुआ। जो संस्थान की नवाचार, शिक्षा और सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story