ट्रिपल आईटी इलाहाबाद में तकनीकी उत्सव अपरोक्ष 2026 17 अप्रैल से

WhatsApp Channel Join Now
ट्रिपल आईटी इलाहाबाद में तकनीकी उत्सव अपरोक्ष 2026 17 अप्रैल से


प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), इलाहाबाद में वार्षिक तकनीकी उत्सव “अपरोक्ष 2026” का आयोजन 17 से 19 अप्रैल तक झलवा परिसर में किया जाएगा।

यह उत्सव नवाचार, तकनीक, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का जीवंत कार्यक्रम है, जो देशभर के प्रतिभाशाली छात्रों को एक मंच पर लाता है। इस आयोजन में कार्यशालाएं, प्रतियोगिताएं, वक्ता सत्र, प्रदर्शनी एवं विभिन्न इंटरैक्टिव गतिविधियां शामिल होंगी।

ट्रिपल आईटी के जनसम्पर्क अधिकारी डा पंकज मिश्रा ने गुरुवार काे जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में प्रतिभागियों को सीखने, प्रतिस्पर्धा करने, नेटवर्क बनाने और यादगार अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन छात्रों, शिक्षकों एवं शैक्षणिक समुदाय के सभी सदस्यों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

उन्होंने बताया कि उत्सव का शुभारम्भ 17 अप्रैल को मुख्य सभागार में शाम 4 बजे से 8 बजे तक आयोजित उद्घाटन समारोह एवं इंडस्ट्री इंटरैक्शन कॉन्क्लेव के साथ होगा। पहले दिन टेक्नोमैनेजमेंट क्विज एवं मिस्टर गूगलर, कोडिंग प्रीमियर लीग, हैकाथॉन प्रेजेंटेशन, सीटीएफ (साइबर सुरक्षा प्रतियोगिता) तथा ब्रांड स्प्रिंट जैसे प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

दूसरे दिन 18 अप्रैल को क्वांट सिम ट्रेडिंग/पोकरबॉट्स, मीम मार्केटिंग वॉर, विभिन्न वक्ता सत्र, एक्स-मशीना, जेनेटिक एक्स एवं वर्चुओसी की प्रस्तुतियां तथा मूवी नाइट जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।

तीसरे दिन 19 अप्रैल को सी-फ्रेश, कोडरेड, TEDx सत्र, ईसीई कार्यक्रम, रंगतरंगिनी एवं बैंड प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story