समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका अहम : डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे

WhatsApp Channel Join Now
समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका अहम : डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे


समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका अहम : डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे


कानपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। जिस प्रकार राजा का आदर्श व्यक्तित्व उपभोग शून्य स्वामित्व का होता है, उसी प्रकार शिक्षक को भी उपभोग शून्य व्यक्तित्व का निर्वहन करना चाहिए। समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यह बातें पूर्व राज्यसभा सांसद और चिंतक डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने शनिवार को गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित गुरुवंदन-2026 कार्यक्रम में कहीं।

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ कानपुर संभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक-छात्र संबंधों को स्वस्थ बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने शिक्षक के कार्य को समाज का सम्मानपूर्ण और स्वाभिमान से जुड़ा दायित्व बताया। कहा कि शिक्षण संस्थानों में कितने भी झंझावात या समाज में कितने भी व्यतिक्रम हों, शिक्षक को अपनी भूमिका का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। इसी से समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम के प्रधान संरक्षक डॉ. दिलीप सरदेसाई ने राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की उपलब्धियों, रीति-नीति और संगठन की गतिविधियों पर विचार रखे। कार्यक्रम संयोजक डॉ. शैलेन्द्र द्विवेदी ने महासंघ की परंपरा और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में करीब 2750 शिक्षक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

गुरुवंदन समारोह में प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा संवर्ग के 51 शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रधानाचार्यों को विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यवसायी अरविंद चतुर्वेदी ने की। संचालन डॉ. विपिन कौशिक और डॉ. पवन कुमार मिश्रा ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और महर्षि वेदव्यास के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। शिक्षिका शिखा और मधु ने गुरुवंदना प्रस्तुत की। इस दौरान आदित्य द्विवेदी, शैलेन्द्र अवस्थी, डॉ. राहुल मिश्रा, प्रो. मनोज अवस्थी, प्रो. एबी जायसवाल, चंद्रदीप सिंह यादव, श्रीओम तिवारी, अरविंद दुबे, संजय तिवारी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. राहुल मिश्रा ने दी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story