टेट अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों ने निकाला मशाल जुलूस

WhatsApp Channel Join Now
टेट अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों ने निकाला मशाल जुलूस


टेट अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों ने निकाला मशाल जुलूस


जौनपुर,13 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में टेट परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में सोमवार को शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मशाल जुलूस निकाला। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के तत्वावधान में आयोजित जुलूस बीआरपी इंटर कॉलेज परिसर से शुरू होकर कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्मारक तक पहुंचकर संपन्न हुआ।

जुलूस के दौरान शिक्षकों ने “सेवा सुरक्षा कैसे पाई, संघर्षों से बलिदानों से”, “नो टेट, नो आरटीई” जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद की। शिक्षकों का कहना था कि टेट परीक्षा की अनिवार्यता उनके अधिकारों के खिलाफ है और इसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए।

इस आंदोलन का नेतृत्व डॉ. राजेश सिंह मुन्ना (प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ) ने किया। उनके साथ जिला अध्यक्ष संजय सिंह, अटेवा के जिलाध्यक्ष चंदन सिंह, यूटा के जिला अध्यक्ष डॉ. हेमंत सिंह, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुशील उपाध्याय, विशिष्ट बीटीसी संघ के राम मूरत यादव, पीएसपी के जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह, मंत्री विकास सिंह, टीएससीटी के अरविंद यादव, शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष संदीप यादव सहित कई संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में शिक्षिकाएं भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षक नेताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मानसून सत्र में लोकसभा में विधेयक लाकर टेट की अनिवार्यता समाप्त की जाए। शिक्षकों का कहना है कि यह कानून असंवैधानिक है और पूरे देश के लगभग 25 लाख शिक्षकों पर इसे लागू करना प्राकृतिक न्याय के विरुद्ध है।शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे दिल्ली और लखनऊ की सड़कों पर बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होने के साथ-साथ समाज की चेतना भी हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story