शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर निकाला मशाल जुलूस
देवरिया, 13 अप्रैल (हि.स.)। देवरिया में अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के आह्वान पर सोमवार को शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। यह जुलूस टेट (TET) की अनिवार्यता समाप्त करने और सरकार की कथित शिक्षक-कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक शामिल हुए, जिन्होंने एकजुटता का परिचय दिया।
प्रदेश संयोजक अनिल यादव के नेतृत्व में जुलूस शिक्षक भवन से शुरू हुआ। वहां से होते हुए यह जिला पंचायत परिसर, डीएम कार्यालय गेट, कचहरी चौराहा और सिविल लाइन मार्ग से गुजरते हुए सुभाष चौक पहुंचा। पूरे रास्ते शिक्षकों ने हाथों में मशाल लेकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
सुभाष चौक पर पहुंचकर जुलूस सभा में तब्दील हो गया, जहां वक्ताओं ने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि शिक्षक वर्ग लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की और अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

