पोषण पोटली के नियमित उपयोग से टीबी मरीज रखें सेहत का ध्यान: प्रो. विनय कुमार पाठक
कानपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। टीबी (क्षय) रोगियों को स्वस्थ रखने और बीमारी के उन्मूलन के लिए नियमित जांच के साथ पोषण पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है। वितरित की गई पोषण पोटली का रोगी नियमित रूप से उपयोग करें और अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। यह बातें छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने गुरुवार को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेस में 76 क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुबोध प्रकाश, वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्या डॉ. वंदना पाठक, कुलसचिव राकेश कुमार मिश्र, नोडल अधिकारी डॉ. वर्षा प्रसाद, सहायक नोडल अधिकारी प्रो. दिग्विजय शर्मा, निदेशक स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेस प्रो. मुनीश रस्तोगी और प्रो. प्रवीन कटियार ने किया।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुबोध प्रकाश ने विश्वविद्यालय की पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों और सहभागियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय पिछले पांच वर्षों से इस अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, जो क्षय रोग के उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।
निदेशक प्रो. मुनीश रस्तोगी ने कहा कि स्वस्थ होने के बाद भी नियमित जांच और सतर्कता जरूरी है। उन्होंने क्षय रोग से प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन भौतिक शिक्षा विभाग के सहायक आचार्य डॉ. रामकिशोर ने किया। इस दौरान सहायक निदेशिका डॉ. हिना वैश्य, सहायक निदेशक धीरज कुमार समेत शिक्षक मौजूद रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

