गम और अकीदत के साथ निकला आशूरा का जुलूस, सुपुर्द-ए-खाक हुए ताज़िये

WhatsApp Channel Join Now
गम और अकीदत के साथ निकला आशूरा का जुलूस, सुपुर्द-ए-खाक हुए ताज़िये


अमेठी, 26 जून (हि.स.)। अमेठी जिले के मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र के भनौली गांव में 10 मोहर्रम (आशूरा) पर गम और अकीदत के साथ ताज़ियों का जुलूस निकाला गया। या हुसैन की सदाओं, नौहा और मातम के बीच अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन (अ.स.) और शहीद-ए-कर्बला को खिराज-ए-अकीदत पेश किया।

सुबह से ही गांव के विभिन्न इमामबाड़ों और घरों में मजलिसों का आयोजन हुआ। मजलिस के बाद आमाल-ए-आशूरा अदा किए गए। इसके बाद ताबूत, अलम और ताज़ियों के साथ जुलूस बड़े इमामबाड़े से अपने पारंपरिक मार्ग से होते हुए जामा मस्जिद इमामबाग पहुंचा, जहां नमाज़ अदा की गई। नमाज़ के बाद जुलूस पुनः बड़े इमामबाड़े पहुंचा। यहां अंजुमन सिपाहे हुसैनी के युवाओं ने ज़ंजीरज़नी कर बीबी फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) को उनके लाल का पुर्सा पेश किया। इसके बाद जुलूस दरगाह-ए-आलिया होते हुए कर्बला पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में ताज़ियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

जुलूस में बड़ी संख्या में अज़ादार शामिल रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस और प्रशासन मुस्तैद रहा तथा शांतिपूर्ण ढंग से सभी धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story