बलरामपुर : रेलवे की 25 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन से ताजिया में लगी आग, रेल यातायात भी प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : रेलवे की 25 हजार वोल्ट हाईटेंशन लाइन से ताजिया में लगी आग, रेल यातायात भी प्रभावित


बलरामपुर, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश जनपद के नगर तुलसीपुर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान शुक्रवार शाम को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हनुमानगढ़ी तिराहे के पास रेलवे फाटक पार करते समय जुलूस में शामिल एक ताजिया रेलवे की 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया। संपर्क होते ही ताजिया में आग लग गई, जिससे जुलूस में अफरा-तफरी मच गई।मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद ताजिया को जुलूस से अलग कर सुरक्षित रूप से कर्बला स्थल की ओर रवाना किया गया।

उधर, हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण रेलवे यातायात भी प्रभावित हुआ और दो ट्रेनें कुछ समय के लिए रोकनी पड़ीं। बाद में रेलवे कर्मियों ने लाइन की खराबी दूर कर रेल संचालन बहाल कराया।

तुलसीपुर जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को रेलवे ट्रैक के पास से हटाया गया। उन्होंने बताया कि ओवरहेड विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट के कारण दो ट्रेनों को अस्थायी रूप से राेका गया था। लाइन दुरुस्त होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया गया। रेलवे की तकनीकी टीम व आरपीएफ पूरे मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Share this story