शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शिक्षक संघ ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन


फर्रुखाबाद,06 अगस्त (हि.स)। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, जनपद फर्रुखाबाद के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से गुरुवार को मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रांतीय कोषाध्यक्ष मज़हर मोहम्मद खां ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रवेश कटियार, प्रांतीय मंत्री ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, अटेवा जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तथा यूटा जिलाध्यक्ष पीयूष कटियार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ज्ञापन में शिक्षकों की कई महत्वपूर्ण समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई। संघ ने कहा कि पेंशन से आच्छादित शिक्षकों की जीपीएफ संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, लंबे समय से एक ही पद पर कार्यरत शिक्षकों के 22 वर्ष पूर्ण होने पर प्रोन्नत वेतनमान का लाभ दिया जाए तथा मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के संचालन को एसएमसी अध्यक्ष के साथ संयुक्त रूप से संचालित किए जाने की व्यवस्था लागू की जाए।

संघ ने मीडिया के आधार पर किसी भी शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई न करने की मांग करते हुए कहा कि पहले निष्पक्ष जांच कराई जाए, उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाए। साथ ही विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को उनके मूल पद के अनुरूप कार्य आवंटित करने की भी मांग उठाई गई।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा संबंधित पटल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story