युवा आगे बढ़ना चाहता है, उसे अवसर और आधुनिक संसाधन चाहिए: योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
युवा आगे बढ़ना चाहता है, उसे अवसर और आधुनिक संसाधन चाहिए: योगी आदित्यनाथ


-पूर्ववर्ती सरकारों ने उत्तर प्रदेश में युवाओं के भविष्य की चिंता नहीं की : याेगी आदित्यनाथ

-राजधानी लखनऊ के प्रेरणा स्थल पर कार्यक्रम आयाेजित

लखनऊ, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्धाटन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव जनपदों के 53 हजार से अधिक छात्र—छात्राओं को टैबलेट का वितरण किया।

इस अवसर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से दुनिया में आगे बढ़ना चाहता है। उसे केवल अवसर और आधुनिक संसाधन चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने उत्तर प्रदेश में युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा। उनकी प्रतिभा को तकनीक का साथ देने की कोई ठोस पहल नहीं हुई। हमने स्वामी विवेकानन्द के नाम पर यह अभियान अटल जयंती 25 दिसम्बर 2021 के दिन प्रारम्भ किया था। इस योजना के तहत प्रथम चरण में 60 लाख छात्र —छात्राओं को टेबलेट वितरित हो चुके हैं। इसी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए आज लखनऊ से 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट के वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ है।

योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थियों से कहा कि लैपटाप का उपयोग पढ़ने और देश दुनिया को जानने में लगायें। हमारी सरकार का प्रयास है कि संसाधनों का अभाव किसी युवा की प्रतिभा के आड़े न आए और उत्तर प्रदेश का हर नौजवान अपनी मेहनत से सफलता की नई कहानी लिखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसके मन में एक जज्बा व संकल्प होता है वही युवा होता है। भारत का ज्ञान युवाओं के ज्ञान व पराक्रम से भरा पड़ा है। आपके अंदर बजरंग बली की ताकत है। योगी ने कहा कि युवाओं को उनकी शक्ति का अहसास कराने की आवश्यकता है। भारत दुनिया में सबसे युवा राष्ट्र है। भारत में उत्तर प्रदेश सबसे युवा प्रदेश है। युवा शक्ति पर विश्वास और युवा शक्ति का परिणाम है जो उत्तर प्रदेश में परिणाम देखने को मिल रहा है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, विधायक डा.नीरज बोरा, बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला, विधायक ओपी श्रीवास्तव, एमएलसी मुकेश शर्मा, एमएलसी रामचन्द्र प्रधान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777364 Articles

Share this story