मुरादाबाद : पांच मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि, जिला चिकित्सालय में बना वार्ड

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : पांच मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि, जिला चिकित्सालय में बना वार्ड


मुरादाबाद, 30 अगस्त (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार अपने पैर पसार रहा है। जिले में पांच मरीजों में स्वाइन फ्लू के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। रविवार को जिला चिकित्सालय में स्वाइन फ्लू की दृष्टिगत बनाए गए वार्ड में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने चिकित्सीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि जिला अस्पताल की टीम संक्रमित मरीजों के घर गई और सभी को दवाई दी गई है। इसके साथ ही सभी मरीजों से होम आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है। टीम ने पहले सभी संक्रमित मरीजों से फोन पर बात की थी, कोई भी खतरे की स्थिति में नहीं था। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के पास इससे निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध हैं।

अब तक मिले स्वाइन फ्लू के मरीज से बात करने पर पता चला है कि मरीजों में दूसरे शहर से आने-जाने या किसी पार्टी और सार्वजनिक आयोजन में शामिल होने के बाद बीमारी के लक्षण दिखाई दिए। हालांकि इनमें एक डॉक्टर भी शामिल है जिसके मरीज के संपर्क में आने से संक्रमित होने की आशंका है। इससे संक्रमण के स्रोत और संपर्क में आए लोगों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि समय रहते संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान और जांच नहीं हुई तो संक्रमण की चेन आगे बढ़ सकती है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story