सीएसजेएमयू में शुरू होगा “स्वामी हरिदास संगीत गुरुकुल” समर कैंप

WhatsApp Channel Join Now
सीएसजेएमयू में शुरू होगा “स्वामी हरिदास संगीत गुरुकुल” समर कैंप


कानपुर, 11 मई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 16 मई से “स्वामी हरिदास संगीत गुरुकुल” म्यूजिक समर कैंप शुरू होगा, जिसमें छात्रों और युवाओं को संगीत, नृत्य और अभिनय की प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाएगी। कैंप के जरिए प्रतिभागियों को भारतीय कला-संस्कृति, मंचीय अनुशासन और प्रस्तुति कौशल से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को अकादमी के निदेशक डॉ. राजकुमार त्रिपाठी ने दी।

विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित स्वामी हरिदास संगीत एवं नाट्य अकादमी द्वारा आयोजित इस समर कैंप में गायन, तबला, पियानो, हारमोनियम, वायलिन, सितार, गिटार और ड्रम्स सहित कई संगीत विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा सेमी-क्लासिकल डांस, कथक, बॉलीवुड डांस और थिएटर एवं अभिनय कला की भी विशेष कक्षाएं लगेंगी।

डॉ. राजकुमार त्रिपाठी ने बताया कि कैंप का उद्देश्य केवल तकनीकी प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, सांस्कृतिक समझ और मंचीय अनुशासन विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कला एक बेहतर करियर विकल्प के रूप में तेजी से उभर रही है और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को नई दिशा देने में मददगार साबित होंगे।

अकादमी प्रशासन के अनुसार प्रशिक्षण को पूरी तरह प्रैक्टिकल और इंटरैक्टिव रखा गया है, ताकि प्रतिभागियों को मंचीय अनुभव भी मिल सके। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को टीम वर्क, संवाद कला और प्रस्तुति कौशल का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। समापन पर सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें प्रतिभागी अपनी प्रतिभा मंच पर प्रस्तुत करेंगे। सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।

समर कैंप में प्रवेश के लिए एक विषय का शुल्क 800 रुपये और दो विषयों का शुल्क 1500 रुपये निर्धारित किया गया है। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही वॉक-इन एडमिशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story