तिरंगा मेले में सजे स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की खरीदारी

WhatsApp Channel Join Now
तिरंगा मेले में सजे स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की खरीदारी


कानपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को मोतीझील लॉन में तिरंगा मेले का शुभारंभ एमएलसी सलिल विश्नोई ने किया। मेले में खादी, स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पाद, लेदर सामग्री, सौंदर्य एवं सजावटी सामान, लड्डू समेत कई स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। मेला 15 अगस्त तक चलेगा।

शुभारंभ के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और उत्पादों की जानकारी ली। खादी के स्टॉल पर लोगों की विशेष रुचि रही। एमएलसी सलिल विश्नोई, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने भी विभिन्न उत्पाद खरीदे। अधिकारियों ने स्थानीय कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार सामग्री की सराहना की।

एमएलसी सलिल विश्नोई ने कहा कि तिरंगा मेला राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ स्थानीय कारीगरों, खादी और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने का माध्यम है। उन्होंने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पाद खरीदने और स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। तिरंगा मेले के जरिए देशभक्ति के इस आयोजन को स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के संकल्प से जोड़ा गया है। उन्होंने नागरिकों से मेले में अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

मेले में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। यहां घरेलू उपयोग की वस्तुओं से लेकर सजावटी सामग्री और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद उपलब्ध हैं। मेले के जरिए उत्पादकों को सीधे ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर भी मिल रहा है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष के प्रतिनिधि सुरेंद्र अवस्थी, प्रशिक्षु आईएएस संदीप कुमार, एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता, जिला विकास अधिकारी आत्मप्रकाश रस्तोगी, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग विकास अधिकारी अशोक कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story