स्वदेशी जागरण मंच के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में 13 जिलों के 150 कार्यकर्ता करेंगें प्रतिभाग

WhatsApp Channel Join Now
स्वदेशी जागरण मंच के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में 13 जिलों के 150 कार्यकर्ता करेंगें प्रतिभाग


रायबरेली, 09 जून (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच व स्वावलम्बी भारत अभियान, अवध प्रांत का 11-12 जून को गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर, रायबरेली में दो दिवसीय प्रांतीय विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम आयोजित होगा।

स्वदेशी जागरण मंच अवध प्रांत के संयोजक अमित सिंह वत्स ने मंगलवार को बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में अवध प्रांत के सभी 13 जिलों से लगभग 150 प्रशिक्षित कार्यकर्ता सहभाग करेंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विश्वविद्यालयों के रिसर्च स्कॉलर्स, प्रोफेसर, शिक्षाविद्, स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में स्वदेशी, आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार, उद्यमिता एवं युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही स्थानीय उद्योगों के संवर्धन, रोजगार सृजन, आर्थिक स्वावलंबन तथा राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खादी व ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान होंगें।

प्रशिक्षण वर्ग में डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल (अर्थशास्त्री एवं प्रोफेसर, लखनऊ विश्वविद्यालय), प्रो. राजकुमार मित्तल (अखिल भारतीय सह-संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच एवं कुलपति, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय), संदीप बंसल (अध्यक्ष, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं सह-संयोजक, स्वदेशी व्यापारी मंच), परम हर्ष मौर्य (जिला उद्योग अधिकारी, रायबरेली), बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ प्रबंधक, नरेश मीणा ,अश्विनी ओझा (अधिवक्ता, इलाहाबाद उच्च न्यायालय) तथा राम कुमार दीक्षित (सहकार भारती) विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे तथा प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।

जिला संयोजक अनुभव श्रीवास्तव ने बताया कि यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के वैचारिक, बौद्धिक एवं संगठनात्मक विकास का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं, शिक्षाविदों एवं समाज के विभिन्न वर्गों को स्वदेशी, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रहित के विषयों पर नई दिशा प्राप्त होगी। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी अवध प्रांत अनुराग बत्रा भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story