विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर लगा हत्या का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरालियों पर लगा हत्या का आरोप


अमेठी, 26 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र स्थित काजीपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार काजीपुर गांव निवासी संतोष की पत्नी वंदना (23) की घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। मृतका के भाई देशराज, निवासी मठिया जोरावरपुर, ने बहन की मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी विवेक वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story