विवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, ससुरालियाें पर लगा हत्या का आराेप
औरैया, 12 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित कस्बा सुरान में रविवार को एक विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत महिला के भाई ने इस घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार देते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जनपद कानपुर देहात के थाना मंगलपुर निवासी कल्लू ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन सुनीता की शादी 24 नवंबर 2017 को कस्बा सुरान निवासी जगदीश प्रसाद कुशवाहा के साथ हुई थी। आरोप है कि शनिवार की रात किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ, जिसके बाद सुनीता की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया।
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले मृतका का अपने ससुर से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। वहीं उसका पति, जो बाहर नौकरी करता है, उस समय घर पर ही मौजूद था। घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका की बड़ी पुत्री अनन्या ने अपनी मां को रविवार सुबह सात बजे फंदे पर लटका देखा और इसकी सूचना अपने पिता को दी। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटियां, अनन्या और अंशिका छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर हाल बेहाल है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से मिली तहरीर को संज्ञान लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

