प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहीं : सूर्य प्रताप शाही
देवरिया, 11 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला प्रशिक्षण वर्ग का दूसरा दिन चार महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्रों के साथ सफलतापूर्वक शनिवार को सम्पन्न हुआ। पूरे दिन आयोजित विभिन्न सत्रों में संगठन की कार्यपद्धति, व्यवहारिक कौशल, मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रबंधन, डाटा प्रबंधन, विचार परिवार, कार्यकर्ता विकास तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का संगठन निरंतर प्रशिक्षण और वैचारिक मजबूती के आधार पर आगे बढ़ता है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।
द्वितीय दिवस के अष्टम व्यवहारिक सत्र के मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य विजय यादव रहे। उन्होंने व्यवहारिकता विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन में कार्य करते समय विनम्रता, अनुशासन, समयबद्धता और समन्वय का विशेष महत्व होता है। एक सफल कार्यकर्ता वही है जो अपने व्यवहार से समाज का विश्वास अर्जित करे और संगठन की गरिमा को बढ़ाए।
इसी सत्र में पूर्व प्रदेश संयोजक सदस्यता अभियान आनंद शाही ने मीडिया प्रबंधन विषय पर कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सकारात्मक संवाद, तथ्यों के साथ अपनी बात रखने तथा संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के उपाय बताए।
जिला आईटी संयोजक शिवेश पांडे ने सोशल मीडिया एवं आईटी विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम संगठन विस्तार का सबसे प्रभावी साधन बन चुका है। उन्होंने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, डिजिटल प्रचार-प्रसार तथा तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर बल दिया।
जिला महामंत्री रविंद्र किशोर कौशल ने डाटा प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण देते हुए कहा कि किसी भी संगठन की सफलता के लिए सटीक एवं व्यवस्थित डाटा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को डाटा संग्रह, संरक्षण एवं उसके प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री नीरज शाही ने की तथा संचालन जिला कार्यसमिति सदस्य अशोक पांडे ने किया।
नवम सत्र के मुख्य वक्ता क्षेत्रीय मंत्री हरिचरण कुशवाहा रहे। उन्होंने विचार परिवार विषय पर अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा का व्यापक परिवार है। उन्होंने संगठन के वैचारिक आधार, विभिन्न आनुषंगिक संगठनों की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सहभागिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. अजय मणि त्रिपाठी, प्रधानाचार्य ने की तथा संचालन निर्मला गौतम ने किया।
दशम सत्र में पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला ने कार्यकर्ता विकास विषय पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की अमूल्य पूंजी है। उन्होंने कहा कि निरंतर अध्ययन, सेवा, अनुशासन और समर्पण से ही एक कार्यकर्ता नेतृत्व की भूमिका तक पहुंचता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला उपाध्यक्ष विजय बहादुर दुबे ने की तथा संचालन पूर्व जिला मंत्री सी.पी. सिंह ने किया।
दूसरे दिन के अंतिम एकादश एवं द्वादश सत्र के मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही रहे। उन्होंने सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं एवं क्रियान्वयन में संगठक की भूमिका विषय पर विस्तार से संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना ही नहीं, बल्कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाना भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और सुशासन की भावना के साथ समाज के बीच कार्य करने का आह्वान किया। इस समापन सत्र की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने की तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह एडवोकेट ने किया।
दूसरे दिन के सभी प्रशिक्षण सत्रों में प्रशिक्षार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता की। प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दक्षता, वैचारिक स्पष्टता, आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग तथा जनसेवा के विभिन्न आयामों की जानकारी प्रदान की गई। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को समाज के बीच प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर विधायक डा शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक दीपक मिश्रा शाका, विधायक सुरेंद्र चौरसिया, विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, पूर्व विधायक डा सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे, मारकंडे शाही, निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा, मारकंडे तिवारी, कृष्णानंद पाठक, ब्लाक प्रमुख पिंटू जायसवाल, अजय शाही, नरेंद्र मिश्रा पप्पू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

