उत्तर प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में अपार संभावनाएं: सूर्य प्रताप शाही

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में अपार संभावनाएं: सूर्य प्रताप शाही


लखनऊ, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (उपकार) के 37 वें स्थापना दिवस पर खाद्य सुरक्षा के साथ फसल विविधीकरण और प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सरकार रबी सत्र में 12 लाख कुंतल प्रमाणित बीज अनुदान पर देगी। कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश के 10 लाख किसानों को नि:शुल्क दलहन—तिलहन की मिनीकिट भी देगी।

सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मोजूद हैं। उत्तर प्रदेश देश के 11 प्रतिशत भूभाग पर 22 प्रतिशत खादयान्न उत्पादन कर रहा है।

जितनी सघन पद्धति यहां है। उतनी अन्य कहीं नहीं है। कृषि मंत्री ने कहा कि हमको खाद्य सुरक्षा को ठीक करना है। जनसंख्या निरंतर बढ़ रही है। इसलिए आवश्यकता के अनुरूप हमें अपने देश की जरूरत को पूरा करना है। इसलिए उत्तर प्रदेश की कृषि को उसी के अनुसार तैयार करके रहना है। कृषि मंत्री ने कहा कि लागत को हम कैसे कम करें और किसान की आय को बढ़ायें यह हमारे लिए चुनौती है। मूल्य आधारित हमारी कृषि होनी चाहिए। खेती में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें इसमें युवाओं की भूमिका बढ़ानी है। शाही ने किसानों से पराली न जलाने की अपील की। समारोह में उत्कृष्ट कृषि वैज्ञानिकों व और प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।

उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद विगत वर्षों से प्रदेश के किसानों के हित में नई-नई तकनीकों, उन्नत बीजों एवं शोध के माध्यम से कृषि को लाभकारी बनाने का सराहनीय कार्य कर रही है। इस अवसर पर उपकार के वरिष्ठ अधिकारियाें ने परिषद की विभिन्न गतिविधियाें की विस्तार से जानकारी दी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767604 Articles

Share this story