वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तीसरे सप्ताह भी ई-रिक्शा से पहुंचे विधानसभा

WhatsApp Channel Join Now
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तीसरे सप्ताह भी ई-रिक्शा से पहुंचे विधानसभा


लखनऊ, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर डीजल एवं पेट्रोल की न्यूनतम खपत के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाते हुए लगातार तीसरे सप्ताह भी अपने कार्यालय आवागमन हेतु गैर पेट्रोलियम ईंधन संचालित वाहन का प्रयोग किया। सुरेश खन्ना शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से विधानसभा स्थित कार्यालय ई-रिक्शा से पहुंचे तथा दोपहर में भोजन के लिए आवास आने-जाने में भी ई-रिक्शा का ही उपयोग किया। उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक दिन पेट्रोलियम ईंधन रहित साधन से कार्यालय आने-जाने का उनका निर्णय केवल व्यक्तिगत पहल नहीं, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति एक जिम्मेदारी भरा संदेश है।

श्री खन्ना ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा ईंधन की बचत आज राष्ट्रीय आवश्यकता बन चुकी है। देश की बड़ी ऊर्जा आवश्यकताएं अभी भी आयातित ईंधन पर निर्भर हैं, ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अपनी दैनिक जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव कर राष्ट्रहित में योगदान दे। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक सक्षम व्यक्ति सप्ताह में कम से कम एक दिन वैकल्पिक एवं पर्यावरण अनुकूल साधनों का प्रयोग करे तो इससे न केवल प्रदूषण कम होगा बल्कि विदेशी मुद्रा की भी बड़ी बचत संभव होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story