वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई कर अर्पित की पुष्पांजलि

WhatsApp Channel Join Now
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई कर अर्पित की पुष्पांजलि


वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई कर अर्पित की पुष्पांजलि


लखनऊ, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार काे नगर निगम लखनऊ की ओर से आयोजित वृहद सफाई अभियान का शुभारंभ किया।

वित्त मंत्री ने हजरतगंज स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल तथा वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमाओं एवं उनके आसपास स्थित चबूतरों की स्वयं सफाई और धुलाई की। इसके उपरांत उन्होंने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

मंत्री ने सफाई अभियान का शुभारंभ करते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार अथवा नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। लोग इस अभियान से जुड़कर इसे आगे बढ़ाएं तथा अपने घर, मोहल्ले, बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास स्वच्छ और सुंदर वातावरण तैयार करें। जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को एक प्रभावी जनांदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।

वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईश्वर से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि वे इसी प्रकार अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश और समाज का मार्गदर्शन करते रहें।

श्री खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में कदम रखने के बाद से सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्रहित के क्षेत्र में अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उनकी असाधारण कर्मठता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की छाप आज पूरी दुनिया में दिखाई देती है। प्रधानमंत्री के सशक्त नेतृत्व में भारत ने आंतरिक और बाह्य, दोनों ही मोर्चों पर उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं। देश के सामने उपस्थित चुनौतियों को टालने के बजाय प्रधानमंत्री ने उनका दृढ़तापूर्वक सामना करते हुए दूरगामी और प्रभावी समाधान दिए। उनके नेतृत्व में विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा, सामर्थ्य और स्वीकार्यता अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है।

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा देता है। ऐसे कर्मयोगी प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिवस पर नमन करते हुए पूरा देश उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना कर रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story