मुख्यमंत्री राहत कोष से 40 मरीजों को 70.15 लाख रुपये की सहायता दिलाई : सुरेंद्र मैथानी

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री राहत कोष से 40 मरीजों को 70.15 लाख रुपये की सहायता दिलाई : सुरेंद्र मैथानी


कानपुर, 25 जून (हि.स.)। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकता है। किसी मरीज की जान बचाने में सहयोग मिल जाए, इससे बड़ा कोई संतोष नहीं हो सकता। यह बातें गुरुवार को गोविंदनगर भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहीं।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि उनके प्रयासों से मुख्यमंत्री राहत कोष से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 40 गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को 70 लाख 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई गई है। विधायक बनने के बाद उनके दूसरे कार्यकाल में यह 24वां अवसर है, जब मरीजों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद दिलाई गई है।

उन्होंने कहा कि कई बार आर्थिक अभाव के कारण जरूरतमंद परिवार बेहतर इलाज नहीं करा पाते हैं। ऐसे में समय पर आर्थिक सहायता मिलने से मरीजों का उपचार संभव हो पाता है और परिवार को बड़ी राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका प्रयास रहता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति केवल धन के अभाव में इलाज से वंचित न रहे।

मैथानी ने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, सीवर और अन्य विकास कार्य जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी हैं, लेकिन किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनहित के ऐसे कार्य आगे भी जारी रहेंगे और हर वर्ग के जरूरतमंद लोगों को सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से जरूरतमंद मरीजों को समय पर राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पात्र लोगों को सरकारी सहायता दिलाने के प्रयास जारी रहेंगे।

विधानसभा कार्यालय प्रभारी विपिन दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली सहायता से अनेक परिवारों को इलाज में आर्थिक राहत प्राप्त हुई है और इससे जरूरतमंद मरीजों के उपचार का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story