ग्रीष्मकालीन वॉलीबाल प्रशिक्षण शिविर का हुआ शुभारम्भ

WhatsApp Channel Join Now
ग्रीष्मकालीन वॉलीबाल प्रशिक्षण शिविर का हुआ शुभारम्भ


--इक्कीस दिन तक कुशल व अनुभवी प्रशिक्षक खिलाड़ियों को करेंगे प्रशिक्षित

प्रयागराज, 25 मई (हि.स)। जनपद के स्थानीय मेजा तहसील के क्षेत्रीय वॉलीबाल स्टेडियम में फ्रेंड्स क्लब मेजा के सहयोग से डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन (डीवीए) प्रयागराज के तत्वावधान में निःशुल्क 21 दिवसीय ‘ग्रीष्मकालीन वॉलीबाल प्रशिक्षण शिविर’ का शुभारम्भ हुआ।

मुख्य अतिथि अधिवक्ता उच्च न्यायालय व प्रदेश सहसंयोजक विधि एवं कानून विभाग भाजपा उत्तर प्रदेश एवं प्रयागराज जिला ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष सुशील मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के पश्चात फीता काटकर प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ किया।

विशिष्ट अतिथि उच्च न्यायालय के शासकीय अधिवक्ता वरिष्ठ समाजसेवी आनंद चौबे उपस्थित रहे। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष के.बी.एल.श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया। प्रशिक्षण शिविर में 16 वर्ष से कम आयु के बालकों को एन.आई.एस. कोच-प्रशिक्षकों द्वारा सुबह-शाम प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज के ये नन्हे-मुन्हे छोटे बच्चे कल के भविष्य हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की बधाई देते हुए कहा कि बच्चे इन कुशल प्रशिक्षकों की देख-रेख में खेल के गुण व बारीकियों को सीखकर अपने जिला व राज्य का नाम रोशन करेंगे।

डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन, प्रयागराज के महासचिव आर.पी.शुक्ला ने प्रशिक्षण शिविर से सम्बंधित आख्या प्रस्तुत करने के पश्चात मुख्य अतिथि का बुकें एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनन्दन करते हुए आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन की ओर से प्रभाकर चौबे ने मुख्य अतिथि व अन्य आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। उक्त अवसर पर मुख्य रूप से टी.एन.सिंह, सोरांव यूथ क्लब ग्राउंड के संस्थापक सदस्य रमेश चंद्र द्विवेदी, राहुल द्विवेदी, रामस्नेही शुक्ला, मुकेश शुक्ला, उमाकांत तिवारी, शिवा द्विवेदी, वाई.एन.सिंह, कुशलकांत मिश्रा, अंकित विश्वकर्मा, अमित शुक्ला, विवेक शुक्ला, मौसम कुशवाहा आदि खिलाड़ी व ग्रामवासी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story