चीनी पर महगाई को लेकर भड़की हिंदू सेना
फर्रुखाबाद,21 अगस्त (हि.स.)। जिले में चीनी की बेतहाशा बढ़ती कीमतों और कालाबाजारी को लेकर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू सेना ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश अध्यक्ष शिवम त्रिपाठी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए बाजार में चीनी के दामों पर तुरंत लगाम लगाने और जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की पुरजोर मांग की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष शिवम त्रिपाठी ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि आगामी त्योहारों के ठीक पहले चीनी की कीमतों में अप्रत्याशित उछाल देखने को मिल रहा है। चंद दिनों के भीतर चीनी के दाम आसमान छूने लगे हैं, जिससे आम जनता और मध्यमवर्गीय परिवारों का रसोई का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। लिंजीगंज और मन्नीगंज जैसे प्रमुख व्यापारिक बाजारों के गोदामों में चीनी का अवैध स्टॉक जमा करके कृत्रिम किल्लत पैदा करने वालों पर तत्काल छापेमारी की जाए। जिला प्रशासन की एक विशेष टीम गठित कर बाजार में चीनी के दामों की सीमा तय की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
अगर शासन-प्रशासन ने चीनी के बढ़ते दामों पर जल्द से जल्द लगाम नहीं लगाई और जमाखोरों पर नकेल नहीं कसी, तो अंतर्राष्ट्रीय हिंदू सेना सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने आम जनता की समस्याओं को पुरजोर तरीके से रखा। जिलाधिकारी कार्यालय ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

