जौनपुर में अचानक बदला मौसम, तेज आंधी के साथ एक घंटे हुई बारिश

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में अचानक बदला मौसम, तेज आंधी के साथ एक घंटे हुई बारिश


जौनपुर में अचानक बदला मौसम, तेज आंधी के साथ एक घंटे हुई बारिश


जौनपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जौनपुर में सोमवार शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम ने करवट ली। देखते ही देखते आसमान में घने बादल छा गए और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। अचानक हुई बारिश से शहर में अफरा-तफरी मच गई। लोग बारिश से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों और घरों की ओर भागते नजर आए।

करीब एक घंटे हुई बारिश में 20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई। अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आमतौर पर दोपहर में तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहता है।

तेज बारिश के कारण रुहट्टा, ओलंदगंज, परमानतपुर और जहांगीराबाद समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई। कई स्थानों पर सड़क पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित रहा। घने बादलों के कारण शाम पांच बजे ही धुंध के साथ अंधेरा छा गया।

औसत से 100 मिलीमीटर कम बारिश: मौसम वैज्ञानिक दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि चार माह के औसत के हिसाब से इस वर्ष अब तक करीब 100 मिलीमीटर कम बारिश दर्ज हुई है। अब तक 700 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि 600 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story