निरंतर प्रयास से ही मिलती है सफलता, मेहनती छात्र ही बनते हैं सम्मान के पात्र : रतन कुमार श्रीवास्तव

WhatsApp Channel Join Now
निरंतर प्रयास से ही मिलती है सफलता, मेहनती छात्र ही बनते हैं सम्मान के पात्र : रतन कुमार श्रीवास्तव


कानपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। जो व्यक्ति सतत प्रयत्नशील रहता है, उसे निश्चित रूप से अच्छे परिणाम प्राप्त होते हैं। जीवन और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाला ही सम्मान का पात्र बनता है और कर्मनिष्ठा ही सफलता का सर्वोत्तम मार्ग है। ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में छात्रों को प्रेरित करते हुए मुख्य अतिथि ने सफलता के मूल मंत्र बताए। यह बातें शनिवार को सेवानिवृत्त आईपीएस एवं अध्यक्ष पुलिस पेंशनर्स संगठन रतन कुमार श्रीवास्तव ने कही।

ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ पेंशनर्स द्वारा जवाहर नगर स्थित विद्यालय में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 28 छात्र-छात्राओं को कुल एक लाख 65 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में सेवानिवृत्त अपर आयुक्त उद्योग बीबीएल श्रीवास्तव, पूर्व वरिष्ठ पीसीएस चंद्रा निगम, डिप्टी रजिस्ट्रार पारस गुप्ता, बीएल गुलाबिया और केके अवस्थी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था पिछले 30 वर्षों से पेंशनरों के हित में कार्य कर रही है और हाल के वर्षों में सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, मोतियाबिंद ऑपरेशन, स्वच्छता अभियान, वैक्सीनेशन कैंप और हर घर तिरंगा जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा जरूरतमंद और मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मान, वृद्धजनों के लिए सहायता सामग्री वितरण और स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

कार्यक्रम में अतिथियों का सम्मान किया गया और संचालन ओपी श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story