ज्ञान के साथ मानवीय मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें विद्यार्थी : भरत राज सिंह

WhatsApp Channel Join Now
ज्ञान के साथ मानवीय मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें विद्यार्थी : भरत राज सिंह


लखनऊ, 14 नवंबर (हि.स.)। विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ मानवीय मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी अपनाना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक विकास नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। यह बातें शनिवार को स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (एसएमएस) में आयोजित बाल दिवस समारोह में संस्थान के महानिदेशक प्रो. भरत राज सिंह ने कहीं।

उन्होंने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे और बच्चे उन्हें चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे। उनका मानना था कि बच्चों को अच्छी शिक्षा, संस्कार और उचित अवसर देकर देश का उज्ज्वल भविष्य तैयार किया जा सकता है।

समारोह में संस्थान के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएमएस के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शरद सिंह ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश के भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को शैक्षणिक क्षमता के साथ रचनात्मकता, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों का भी विकास करना चाहिए। अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र के विकास में करना चाहिए।

कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह यादव, डॉ. पुष्पांजलि सिंह, डॉ. मनमोहन सिंह, डॉ. वेद कुमार, डॉ. अनोद कुमार सिंह और सुजाता सिन्हा समेत संस्थान के शिक्षक एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, सहयोग और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777281 Articles

Share this story