पढ़ाई के साथ खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में भी भाग लें छात्र : कुलपति
कानपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। विद्यार्थी पढ़ाई के साथ खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में भी भाग लें। इससे उनका सर्वांगीण विकास होगा और उनमें नेतृत्व क्षमता के साथ सामाजिक सेवा की भावना विकसित होगी। यह बातें मंगलवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में कही।
विश्वविद्यालय के कैलाश भवन प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति ने उत्तर प्रदेश और अन्य प्रदेशों से आए विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने उन्हें विश्वविद्यालय की नीतियों और परिसर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विश्वविद्यालय परिसर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी सहायता करेगा।
कुलपति ने विद्यार्थियों को खेलकूद में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि परिसर में खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के माध्यम से विद्यार्थी सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेकर व्यक्तित्व विकास कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने और पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहने की अपील की।
कृषि अधिष्ठाता डॉ. कौशल कुमार ने कहा कि नए विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय में प्रवेश संस्थान के लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा प्रदान कर रहा है, जो सभी के लिए गर्व की बात है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की गतिविधियों से परिचित कराया। सह निदेशक प्रसार डॉ. एचपी सिंह, प्रसार निदेशक डॉ. वीके त्रिपाठी, शोध निदेशक डॉ. महक सिंह, गृह विज्ञान अधिष्ठाता डॉ. सीमा सोनकर और विशिष्ट अतिथि ब्रह्माकुमारी रितु टक्कर सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली के बारे में बताया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, वैज्ञानिक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

