रंगोली, पेंटिंग और रेखाचित्र प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
रंगोली, पेंटिंग और रेखाचित्र प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश


कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग में “पढ़े बेटी, बढ़े बेटी” एवं “मां-बेटी” अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को रंगोली, पेंटिंग एवं रेखाचित्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और बेटियों के महत्व का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने कैनवास और रंगों के माध्यम से “मां-बेटी”, “पढ़े बेटी बढ़े बेटी” और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर आकर्षक एवं प्रेरणादायक कलाकृतियां प्रस्तुत कीं।

स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स के निदेशक डॉ. मिठाई लाल ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ सामाजिक संदेश को भी मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम का आयोजन समन्वयक सुश्री प्रिया मिश्रा की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक श्री जीऊत बली यादव, श्री विनय सिंह, डॉ. राजकुमार सिंह, निर्णायक मंडल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story