कुएं में मिला बीए की छात्रा का शव
बाराबंकी16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रामनगर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर महासिंह गांव के बाहर शुक्रवार को धान के खेत में स्थित कुएं में 20 वर्षीय युवती का शव मिला। सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
अटौटा गांव निवासी दिनेश की पुत्री पार्वती (20) रामनगर पीजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार को उसका शव रामपुर महासिंह गांव के बाहर खेत में बने कुएं में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत और कोतवाल अरुण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर प्रेम प्रसंग की चर्चाएं हैं, हालांकि थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह का कहना है कि किसी जनचर्चा की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की विधिवत जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

