विद्यार्थियों काे केन्द्र में रखते हुए उत्कृष्ट लक्ष्य व नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा पीयू : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थियों काे केन्द्र में रखते हुए उत्कृष्ट लक्ष्य व नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा पीयू : कुलपति


विद्यार्थियों काे केन्द्र में रखते हुए उत्कृष्ट लक्ष्य व नए संकल्प के साथ आगे बढ़ेगा पीयू : कुलपति


जौनपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरके सिंह ने सोमवार को विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से अपने समय का अधिकतम उपयोग सार्थक शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय की सभी शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियों के केंद्र में हैं। विश्वविद्यालय का प्रत्येक प्रयास उनके ज्ञान, कौशल, व्यक्तित्व, व्यावसायिक विकास और रोजगार क्षमता को बेहतर बनाने की दिशा में केंद्रित है।

कुलपति ने विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने के साथ प्रयोगशाला एवं प्रायोगिक कार्य, शिक्षकों के साथ शैक्षणिक संवाद, पुस्तकालय और डिजिटल संसाधनों के उपयोग के साथ परियोजनाओं, इंटर्नशिप, सेमिनार और कार्यशालाओं में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने को कहा।

प्रो. सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में शिक्षण-अधिगम की गुणवत्ता और शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए जा रहे हैं। परिसर की आईटी एवं नेटवर्किंग अवसंरचना को मजबूत करने के साथ वाई-फाई और डिजिटल कनेक्टिविटी बेहतर करने का कार्य भी शुरू किया गया है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण, अध्ययन एवं शोध संसाधनों तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, आत्मविश्वास और व्यावसायिक क्षमता से संपन्न बनाना है, ताकि उनके लिए बेहतर करियर और रोजगार के अवसर सृजित हो सकें।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का विकास केवल प्रशासन और शिक्षकों के प्रयासों से संभव नहीं है। इसमें विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने शैक्षणिक, शोध, नवाचार, कौशल विकास, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से परिसर में शैक्षणिक अनुशासन, नियमितता, स्वच्छता और सकारात्मक अध्ययन वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने तथा विश्वविद्यालय की सुविधाओं और संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story