नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी


लखनऊ, 24 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी से शुक्रवार को नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने भेंट की। पंकज चौधरी ने अपने राजधानी लखनऊ स्थित आवास पर नीट क्वालीफाइड छात्रों का स्वागत किया तथा उनकी सफलता पर उनको बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और देश के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि छात्र किसी पक्ष व विपक्ष के नहीं होते, बल्कि उनका एक मात्र ध्येय अपने लक्ष्य को प्राप्त करना और राष्ट्र के विकास में अपनी रचनात्मक भूमिका सुनिश्चित करना होता है। यही छात्र शक्ति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विकसित भारत निर्माण के लिए प्रेरित करती है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ, देश के भविष्य के साथ राजनीति नहीं होनी चाहिए बल्कि सकारात्मकता के साथ समाधान खोजे जाने चाहिए।

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्णय लिया है कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को कठोर दण्ड देने के लिए व केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दे दिये गए हैं। विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार द्वारा निर्णयों की श्रृंखला में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

चौधरी ने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं है बल्कि छात्रों की समस्याओं के समाधान का है। नीट सहित अन्य विषयों पर भी सदन में चर्चा होनी चाहिए और सभी का प्रयास समस्या के समाधान का होना चाहिए। छात्रों और उनसे जुड़े किसी भी मुद्दे का राजनीतिकरण भी नहीं होना चाहिए और अराजकता भी नहीं होना चाहिए।

चौधरी ने नीट परीक्षा में सफल सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह एवं लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story