विद्यार्थियों ने जाना विधान सभा का कामकाज और संसदीय परंपराएं

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थियों ने जाना विधान सभा का कामकाज और संसदीय परंपराएं


लखनऊ, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान भवन में सोमवार को पारितोष ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, कानपुर तथा गौरव मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल, कानपुर के छात्र-छात्राओं के दल ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से भेंट की। इस दौरान महाना ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधान सभा की भूमिका, सदन की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया तथा संसदीय परंपराओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं और संसदीय कार्यप्रणाली की जानकारी देना आवश्यक है, क्योंकि यही युवा आगे चलकर देश और प्रदेश के लोकतांत्रिक भविष्य को दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि विधान भवन का भ्रमण विद्यार्थियों के लिए लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से जानने और समझने का प्रेरणादायी अवसर है।

उन्होंने कहा कि विधान सभा जनता की आकांक्षाओं, समस्याओं और अपेक्षाओं को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है। सदन में होने वाली चर्चाओं और विधायी कार्यवाही का प्रदेश के विकास तथा आमजन के जीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज को समझने और संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष से संसदीय कार्यप्रणाली एवं सदन से जुड़े विभिन्न विषयों पर जिज्ञासापूर्ण सवाल पूछे। महाना ने उनके प्रश्नों का उत्तर देते हुए विधान सभा की कार्यवाही और विधायी प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह और जिज्ञासा की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं में लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति बढ़ती रुचि सुखद और उत्साहजनक संकेत है।

इसके उपरांत दोनों संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने विधान भवन का भ्रमण किया। उन्होंने सदन, दर्शक दीर्घा सहित विधान भवन के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया तथा लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से जाना और समझा। विद्यार्थियों ने विधान भवन की ऐतिहासिक एवं संसदीय परंपराओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

विधान भवन का यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में एक प्रेरणादायी अनुभव रहा। विद्यार्थियों की जिज्ञासा और उत्साह लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी रुचि को प्रदर्शित करता है।

इस अवसर पर दोनों संस्थानों के शिक्षकगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story