जल संरक्षण जागरूकता संदेश को लेकर निकली प्रभात फेरी

WhatsApp Channel Join Now
जल संरक्षण जागरूकता संदेश को लेकर निकली प्रभात फेरी


फर्रुखाबाद,22जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प थीम पर आयोजित भूजल सप्ताह का बुधवार को जागरूकता कार्यक्रमों के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को भूजल संरक्षण का संदेश दिया, जबकि विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय बैठक आयोजित कर जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया गया।

कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ से मुख्य विकास अधिकारी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज एवं म्युनिसिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के छात्र-छात्राओं की प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभात फेरी में विद्यार्थियों ने जल है तो कल है, जल आज नहीं बचाओगे तो कल कहाँ से लाओगे, वर्षा का जल न हो बर्बाद, जल संरक्षण को रखना याद सहित अनेक जागरूकता नारे लगाकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, सहायक अभियंता लघु सिंचाई तथा विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके बाद विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर बल दिया। अधिकारियों ने कहा कि भूजल का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसमें जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story