छात्र संसद भारतीय लोकतन्त्र का प्रथम सोपान : गणेश केसरवानी

WhatsApp Channel Join Now
छात्र संसद भारतीय लोकतन्त्र का प्रथम सोपान : गणेश केसरवानी


छात्र संसद भारतीय लोकतन्त्र का प्रथम सोपान : गणेश केसरवानी


-ज्वाला देवी में छात्र सांसद एवं कन्या भारती के सांसदों ने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ

प्रयागराज, 06 मई (हि.स)। सिविल लाइन स्थित ज्वाला देवी स0वि0म0इं0 कालेज में बुधवार को छात्र सांसदों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी शपथ ग्रहण के उपरान्त कहा कि छात्र संसद भारतीय लोकतन्त्र का प्रथम सोपान है। इसलिए छात्रों में राजनैतिक मूल्य नागरिक कर्तव्य एवं मजबूत राज व्यवस्था के लिए छात्र संसद को कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवा भाव से विद्यालय के लिए कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल छात्रों के ज्ञान के विकास करने वाला संस्थान नहीं होता, अपितु यह एक सर्वांगीण विकास करने वाला संस्थान होता है। हमें अपने मूल्यों को कभी नहीं भूलना चाहिये, ऐसी शिक्षा का कोई अर्थ नहीं होता जो मूल्यविहीन हो।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश निरीक्षक, काशी प्रान्त शेषधर द्विवेदी ने पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय छात्र संसद एवं देश की संसद में अनेक समानताएं है यहां से सीखे हुए संस्कार एवं अनुशासन द्वारा देश की संसद व्यवस्था मजबूत की जा सकेगी। तब राजनीति और राजनेता दोनों का सकारात्मक स्वरुप देश सेवा में दिखाई पड़ेगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ राकेश कुमार सिंह ने आये अतिथियों का परिचय व सम्मान कराया। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि ने प्रधानमंत्री भैया सार्थक पाण्डेय तथा प्रधानमंत्री बहन गीतांजली सिंह एवं छात्र सांसद एवं कन्या भारती के सांसदों को शपथ ग्रहण कराया। तत्पश्चात महापौर ने विद्यालय के नवनिर्मित कार्यालय का लोकार्पण किया।

छात्र संसद के अध्यक्ष डॉ राकेश सिंह ने बताया कि छात्र सांसद एवं कन्या भारती का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के आधार पर निष्पक्ष एवं गुप्त मतदान के आधार पर कुल 121 छात्र सांसद भैया बहन का चयन किया गया। जिसमेें से 30 सांसदों का चयन मंत्रिपरिषद के लिये किया गया है। अन्त में विद्यालय के व्यवस्था प्रमुख दीपक यादव ने सभी का आभार ज्ञापन किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य बन्धु भगिनी, अभिभावकगण कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story