दो दोस्तों की जान बचाने में छात्र ने गंवाई अपनी जान, गंगा में डूबने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
दो दोस्तों की जान बचाने में छात्र ने गंवाई अपनी जान, गंगा में डूबने से मौत


कानपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। जाजमऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धनाथ घाट पर गंगा में नहाने गए 11वीं कक्षा के छात्र की अपने दो दोस्तों को बचाने के प्रयास में डूबने से मौत हो गई। करीब ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद जल पुलिस और गोताखोरों ने उसका शव नदी से बाहर निकाला।

चकेरी के घाऊखेड़ा निवासी अंश गुप्ता (16) रविवार दोपहर अपने पांच दोस्तों के साथ साइकिल से सिद्धनाथ घाट पहुंचा था। सभी गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी उसके दो साथी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोस्तों को संकट में देखकर अंश उन्हें बचाने के लिए नदी की गहराई में उतर गया।

घाट पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव में अंश खुद लापता हो गया। सूचना मिलते ही जाजमऊ पुलिस, जल पुलिस और शुक्लागंज के गोताखोर मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की।

करीब ढाई घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद अंश का शव नदी से बरामद किया गया। उसे तत्काल कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, अंश परचून कारोबारी भोलू गुप्ता का छोटा बेटा और 11वीं कक्षा का छात्र था। परिवार में मां अर्चना गुप्ता और बड़ा भाई कृष्णा हैं। परिजनों ने बताया कि अंश दोपहर में खाना खाने के बाद साइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन उसने गंगा स्नान के लिए जाने की जानकारी नहीं दी थी।

थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के समय मौजूद किशोरों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story