यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स बनेंगे यूपी के कैंपस ब्रांड एम्बेसडर

WhatsApp Channel Join Now
यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स बनेंगे यूपी के कैंपस ब्रांड एम्बेसडर


लखनऊ, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के युवा अब केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि योगी सरकार की योजनाओं और प्रदेश के बदलते विकास मॉडल को समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी उठाना चाहते हैं। इसी सोच के साथ 'यूपी राइज 2026: संवाद, संकल्प, सफलता' कार्यक्रम का सफल आयोजन गुरुवार काे किया गया, जिसमें भारी संख्या में प्रदेश भर से आए यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। इन स्टूडेंट्स ने ‘कैंपस ब्रांड एम्बेसडर’ के रूप में प्रदेश सरकार की नीतियों को हर युवा तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही कौशल विकास, स्वरोजगार, स्टार्टअप और नवाचार आधारित नीतियों का खुलकर समर्थन किया और कहा कि उत्तर प्रदेश अब सबसे ज्यादा और सबसे बड़े अवसरों वाला राज्य बन चुका है। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से किया गया।

युवाओं ने बताया, बदल चुका है उत्तर प्रदेश का विकास मॉडल

राजधानी लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के विश्वविद्यालय व महाविद्यालय से आए छात्र-छात्राओं ने उत्तर प्रदेश के बदलते विकास मॉडल पर खुलकर अपने विचार रखे। उनका मानना था कि वर्ष 2017 के बाद जबसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कमान संभाली है, तब से कानून-व्यवस्था, आधारभूत ढांचे, निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव आए हैं। पहले जहां बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के लिए प्रदेश छोड़ना पड़ता था, वहीं अब उद्योग, स्टार्टअप और निवेश के नए अवसर युवाओं को वापस अपने प्रदेश की ओर आकर्षित कर रहे हैं। इस अवसर पर अन्य राज्यों से आए युवाओं ने भी उत्तर प्रदेश में बने सकारात्मक माहौल की खुलकर सराहना की।

जनसंपर्क का सशक्त माध्यम बनेगी सोशल मीडिया

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण विषय ‘डिजिटल युग में सूचना की शक्ति और सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका’ रहा। स्टूडेंट्स ने इस पर अपनी बेबाक राय रखी। कैंपस ब्रांड एम्बेसडर की भूमिका निभाने वाले स्टूडेंट्स ने भी यूपी में आए क्रांतिकारी बदलावों को हर युवा तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल की बात कही। इस मौके पर ज्वलंत सामाजिक विषयों पर संवाद और रेडियो जैसे पारंपरिक माध्यमों की उपयोगिता पर भी चर्चा हुई।

सीएम योगी ने बनाया महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित प्रदेश: सोनाली

शारदा यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा सोनाली राजन ने बताया कि कैसे उन्हें दोबारा जीवनदान मिला। उनकी मां ने उन्हें किडनी डोनेट की। इस कठिन दौर के बाद उन्होंने जीवन में कुछ बड़ा करने का संकल्प लिया। उन्होंने ठान लिया कि जीवन में जो भी अधूरी उम्मीदें थीं, उन सबको पूरा करना है। खुलकर जीना है। उन्होंने उत्तर प्रदेश को महिलाओं के लिहाज से सबसे सुरक्षित राज्य बनाने के लिए योगी सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया। सोनाली सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक भी करती हैं।

प्रयागराज की साक्षी का प्रेरक सफर

प्रयागराज (नैनी) की साक्षी ठाकुर ने बताया कि माता पिता और परिवार के अन्य सदस्यों की शुरू से इच्छा थी कि वह मेडिकल क्षेत्र में कुछ बड़ा काम करें। लेकिन साक्षी के मन में कुछ अलग ही चल रहा था। उन्होंने नीट पास किया, लेकिन इसके बाद सोशल मीडिया को अपना करियर चुना। आज वह सोशल मीडिया मैनेजर के रूप में कार्य कर रही हैं और जनोपयोगी सरकारी योजनाओं तथा सही जानकारियों को आम लोगों तक पहुंचा रही हैं। उनका सपना भविष्य में अपना बड़ा उद्यम स्थापित करना है।

युवा इंफ्लुएंसर कृष्णा ने कहा- बेहतर योजनाएं देती हैं अवसर

लखनऊ विश्वविद्यालय में एलएलबी के छात्र, ब्लॉगर व सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर कृष्णा मिश्रा ने कहा कि योगी सरकार की स्कॉलरशिप योजना ने उनकी पढ़ाई व करियर को मजबूती दी। जिस तरह उन्हें इस योजना का लाभ मिला, उसी तरह प्रदेश के हर पात्र छात्र तक इसका लाभ पहुंचना चाहिए। बेहतर सरकारी योजनाएं युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इनके प्रति जागरूक होना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story