भाजपा सरकार युवाओं के साथ, नेतृत्व के समक्ष रखेंगे छात्रों की मांग : ब्रजेश पाठक

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार युवाओं के साथ, नेतृत्व के समक्ष रखेंगे छात्रों की मांग : ब्रजेश पाठक


लखनऊ, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के साथ है। प्रत्येक युवा के सपने को साकार करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हम केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष छात्रों की मांगों को रखेंगे। अगले दो दिन में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल की भेंट केंद्रीय मंत्री से कराएंगे। उप मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधार आंदोलन कर रहे युवाओं के साथ लखनऊ में शनिवार को पत्रकार वार्ता की।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने छात्रों के प्रतिनिधमंडल की हर मांग को ध्यान से सुना गया और उचित निस्तारण के लिए आश्वस्त किया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हर्ष दुबे, मत्युंजय पाठक, शिवा शर्मा एवं उनके साथियों के साथ पत्रकार वार्ता कर ब्रजेश पाठक ने कहा कि उनकी मांगों को आगामी दो दिनों के भीतर केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। साथ ही, संबंधित केंद्रीय मंत्री से छात्रों के प्रतिनिधिमंडल की भेंट कराई जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि छात्राें के प्रतिनिधिमंडल से उन्हें पत्र भी प्राप्त हुआ है, जिसे केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। ब्रजेश पाठक ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और उनकी न्यायसंगत मांगों के समाधान के लिए संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। छात्रों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाकर समाधान की दिशा में हरसंभव कदम उठाया जाएगा। पाठक ने कहा कि हमारी सरकार हर परिस्थिति में देश व प्रदेश के युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ी है। पत्रकार वार्ता में हर्ष दुबे ने कहा कि हमने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। हमारी मांग है कि देश के हर युवा को समान अवसर मिले। दो दिन में हमें भेंट कराने हेतु आश्वस्त किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story