सशक्त कार्यकर्ता ही पार्टी की नींव : शलभ मणि

WhatsApp Channel Join Now
सशक्त कार्यकर्ता ही पार्टी की नींव : शलभ मणि


देवरिया, 04 अप्रैल (हि.स.)। शनिवार को गौरी बाजार नगर पंचायत क्षेत्र के एक मैरेज हाल में भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का आयोजन किया गया। यह दो दिवसीय अभियान पार्टी कार्यकर्ताओं को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

सात सत्रों में आयोजित इस प्रशिक्षण महाअभियान के अंतिम सत्र को बतौर मुख्य वक्ता सम्बोधित करते हुए सदर विधायक डाॅ शलभ मणि त्रिपाठी ने पार्टी की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया । उन्होंने देश के ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कश्मीर से धारा 370 को समाप्त किया गया, अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर निर्माण किया गया। मुस्लिम बहनों की दशा को देखते हुए तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त करने का काम भाजपा की नरेंद्र मोदी सरकार ने किया। गांव से लेकर शहरों तक सड़कों का जाल बिछाकर आवागमन को सुगम बनाने का कार्य भाजपा सरकार ने किया।

उन्हाेंने कहा कि मिडिल ईस्ट की परिस्थितियों के कारण जहां कई देश आर्थिक रूप से बर्बाद हो रहे लॉकडाउन लगाने की नौबत आ गई है, वहीं नरेंद्र मोदी की नीतियों के कारण भारत पर इसका कोई असर नहीं है। हमारी जीवनचर्या सामान्य रूप से संचालित हो रही है । तमाम पौराणिक मंदिरों को कारीडोर के रूप में परिवर्तित करने का काम केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार ने किया है । स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार में काफी सराहनीय कार्य किए हैं ।

प्रशिक्षण महाअभियान के पांचवें सत्र को वरिष्ठ भाजपा नेता सी पी सिंह ने तथा छठवें सत्र को जिला मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी ने सम्बोधित किया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णनाथ राय, मंडल अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, सुधीर श्रीवास्तव, दिनेश उपाध्याय, ब्रह्मा यादव, प्रिंस पांडे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story