मजबूत बिजनेस मॉडल और रणनीति से ही स्टार्टअप्स को मिलती है सफलता : विषेश राजाराम

WhatsApp Channel Join Now
मजबूत बिजनेस मॉडल और रणनीति से ही स्टार्टअप्स को मिलती है सफलता : विषेश राजाराम


कानपुर, 21 मार्च (हि.स.)। स्टार्टअप्स को सफल बनाने के लिए केवल अच्छा आइडिया ही काफी नहीं होता, बल्कि उसे मजबूत बिजनेस मॉडल, सही रणनीति और निवेश तक पहुंच के साथ आगे बढ़ाना जरूरी है। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में वही स्टार्टअप आगे बढ़ते हैं, जो अपने विचारों को स्केलेबल और व्यवहारिक रूप दे पाते हैं। निवेशकों की अपेक्षाओं को समझते हुए नवाचार को बाजार की जरूरतों से जोड़ना समय की मांग है। साथ ही उद्यमियों को मेंटरशिप और नेटवर्किंग का लाभ उठाते हुए अपने स्टार्टअप को विस्तार देने पर ध्यान देना चाहिए। यह बातें शनिवार को “कैपिटल कनेक्ट” कार्यक्रम में स्पेशले इन्वेस्ट के फाउंडिंग पार्टनर विषेश राजाराम ने कहीं।

सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन के कार्यालय में “कैपिटल कनेक्ट” कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में नवोदित उद्यमियों, इनोवेटर्स और स्टार्टअप फाउंडर्स ने भाग लिया, जहां उन्हें फंडिंग, व्यवसायिक विकास और रणनीतिक विस्तार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्पेशले इन्वेस्ट के फाउंडिंग पार्टनर विषेश राजाराम के साथ संवाद सत्र रहा। उन्होंने इनक्यूबेटेड स्टार्टअप्स से सीधे बातचीत कर उनके आइडियाज, चुनौतियों और संभावनाओं को समझा तथा स्केलेबल बिजनेस मॉडल विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही कुछ संभावनाशील स्टार्टअप्स में भविष्य में निवेश की रुचि भी जताई।

टाई यूपी के अध्यक्ष डॉ. राव विक्रम सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए स्टार्टअप्स को अपनी सोच को और परिष्कृत करने तथा प्रभावी ढंग से विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नवाचार को बाजार की जरूरतों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर सीईओ डॉ. दिव्यांश शुक्ला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ, जिससे युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story