बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही जीत का आधार : अनिल दीक्षित

WhatsApp Channel Join Now
बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही जीत का आधार : अनिल दीक्षित


कानपुर, 30 जून (हि.स.)। बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे अहम है। यह बातें भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने मंगलवार को सीसामऊ विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं।

भाजपा कानपुर उत्तर के सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन रामबाग स्थित शुभ परिणय गेस्ट हाउस में आयोजित हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की, जबकि कार्यक्रम का संयोजन पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी ने किया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने सभी बूथ अध्यक्षों से अपने-अपने बूथों पर नियमित जनसंपर्क, सक्रियता और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में प्रत्येक बूथ अध्यक्ष की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम संयोजक सुरेश अवस्थी ने कहा कि बूथ स्तर पर सशक्त संगठन ही चुनावी विजय का आधार होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के 275 बूथ अध्यक्षों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प भी लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story