औरैया: निरीक्षण में जिलाधिकारी सख्त,पत्रावलियों के रख-रखाव और त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
औरैया: निरीक्षण में जिलाधिकारी सख्त,पत्रावलियों के रख-रखाव और त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश


औरैया, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न विभागों और पटलों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले जिला खाद एवं विपणन कार्यालय का जायजा लिया, जहां गार्ड फाइल, स्थानीय आदेश, शासनादेश पत्रावलियों सहित अन्य अभिलेखों का गहन अवलोकन किया। यहां कार्य संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों की सराहना भी की।

इसके बाद जिलाधिकारी ने सीआरए अभिलेखागार का निरीक्षण करते हुए पंजीकृत वादों से संबंधित पत्रावलियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों में स्पष्ट और विस्तृत आख्या दर्ज की जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो। जनता दर्शन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवेदनों के निस्तारण की प्रक्रिया को विस्तार से समझा और निर्देशित किया कि प्रतिदिन प्राप्त सभी आवेदनों को समय से पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर कार्यालय, सेवायोजन, विधिक बाट-माप विभागों का भी निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। आपदा प्रबंधन कार्यालय में जिला आपदा प्रबंधक ने जानकारी दी कि शासन के निर्देशानुसार आमजन को विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है तथा नागरिक सुरक्षा कोर के अंतर्गत बड़ी संख्या में वॉलिंटियर्स को प्रशिक्षित किया गया है।

निरीक्षण के क्रम में भूमि अधियाचन, आयुध पटल, संयुक्त कार्यालय एवं इंग्लिश ऑफिस का भी जायजा लिया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चंद्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story